तरनतारन: पंजाब मैं नशा तस्करी का आलम यह है कि यह लोगों की जान लेने लगा है। ताजा मामला प्रदेश के तरनतारन जिले के गांव रटौल का है। यहां अवैध देसी शराब पीने से 3 लोगों की मौत हो गई जबकि, एक व्यक्ति के आंखों की रोशनी चली गई है। मृतकों के शवों का संस्कार कर दिया गया है। हालांकि, इस घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों ने पुलिस को नहीं दी। बताया जा रहा है कि जिले के गांव रटौल में करीब एक सप्ताह पहले शराब तस्कर देसी शराब तैयार कर बेच रहे थे। गत 16 जुलाई को गांव की चौपाल में अवैध शराब बेची गई। यह जहरीली शराब पीने से 48 वर्षीय रोशन सिंह, 27 वर्षीय सुरजीत सिंह और 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। वहीं, एक युवक की हालत खराब होने पर उसे उसके परिजनों ने नजदीक के अस्पताल में दाखिल करवाया। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे अमृतसर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह बाद घर लौटे रविंद्र सिंह की दोनों आंखों की रोशनी चली गई। रविंद्र के भाई हरपाल और उसकी पत्नी ने बताया कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उधर, डीएसपी सुच्चा सिंह ने कहा कि गांव राठौर के किसी भी व्यक्ति ने इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी। अब शिकायत मिली है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।