मनोज दूबे, लुधियाना : नीले कार्ड धारकों ने डिपो होल्डर पर धोखाधड़ी कर राशन हड़पने का आरोप लगाया है। कार्ड धारकों का आरोप है कि उनसे मशीन पर अंगूठा लगवा लिया गया और राशन के लिए पहले टालता रहा। अब राशन खत्म होने की बात कर रहा है। कार्ड धारकों ने आरोपित डिपो होल्डर के खिलाफ प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।
गोबिंदगढ़ आदर्श कॉलोनी इलाके में दो महीने से राशन नहीं मिलने से डिपो होल्डर सुखराम के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई करते हूए सुरेश पांडेय, प्रदीप कुमार सिन्हा, विनोद पंडित, संतोष गुप्ता, महेश गिरी, चन्द्र यादव, दशरथ यादव, संजय कुमार, बीनू मिश्रा, अर्पणा देवी, ममता देवी, अनार कली, प्रभावती देवी, मिना देवी, सन्धाय देवी, राज रानी, राज मई, मंजू देवी, पूजा उर्मिला देवी आदि ने डिपो होल्डर पर राशन न देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जब वे लोग राशन लेने जाते हैं तो डिपो होल्डर उन्हें बिना राशन दिए वापस भेज देता है। जबकि, काफी कार्ड धारकों से अंगूठा भी लगवा लिया है। इस बारे में गोबिंदगढ़़ के सरपंच जगतार सिंह ने बताया कि कार्डधार उनके पास भी आए थे। लॉकडाउन की वजह से दिक्कत आ रही है जल्द समस्या का हल करवाएंगे। डिपो होल्डर सुखराम ने बताया कि हमें जब राशन मिलता है उसी समय नीला कार्ड धारकों को राशन बांट देते हैं।