गाजीपुर : केंद्र सरकार द्वारा सांसदों के वेतन में तीस फीसद कटौती के फैसले पर सांसद अफजाल अंसारी ने आपत्ति जताई है। उन्‍होंने वेतन कटौती और सांसद निधि के अगले दो साल तक स्‍थगित किए जाने के सरकार के इस फैसले को अलोकतांत्रिक बताया। अंसारी ने कहा कि ये फैसला बिना किसी मशविरा के लिए गया है। वर्ष 2019-20 की सांसद निधि का इस आदेश से कोई लेना-देना नहीं है। उन्‍होंने  कहा कि इस संबंध में सांसदों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विचार लिया जाना चाहिए था। इस विश्वव्यापी महामारी से लड़ने के लिए पूरा देश एकजुट है। सभी इसमें अपने स्तर से योगदान भी कर रहे हैं लेकिन हम लोगों से बिना राय मशविरा किए अलोकतांत्रिक तरीके से यह निर्णय लिया गया है।