मऊ : लॉकडाउन के दौरान जिले की घोसी थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव सोमरीडीह में दो समुदायों के बीच जमकर ईंट-पत्‍थर चले। इस घटना में कुछ लोगों को चोटें आई हैं।  मौके पर पहुंची पुलिस ने 22 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
  मामले के अनुसार शनिवार सुबह कोरोना संक्रमण रोकने के लिए रास्ता बंद करने पर दो समुदायों में मारपीट पथराव हुआ। मौके पर पहुंचे  कोतवाल सच्चिदानंद ने  22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।  
 सोमरीडीह गांव में अंसारी बस्ती से सटी राजभर बस्ती है। राजभर बस्ती के लोगों का मुस्लिम बस्ती से ही आना-जाना होता है। शुक्रवार शाम को अंसारी बस्ती के लोगों ने ईंट-पत्थर रखकर रास्ता बंद कर दिया। राजभर बस्ती के लोगों ने पूछताछ की तो कहा गया कि हम लोगों पर कोरोना फैलाने का आरोप लगा रहे हैं।
आप सब भी आएंगे-जाएंगे तो कोरोना फैलेगा। इसलिए रास्ते को बंद कर दिया गया है।  रास्ता खोलने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा और फिर हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई।  
कुछ लोगों ने बताया कि कुछ रोज पूर्व राजभर बस्ती के किसी ने लॉकडाउन में मुस्लिम पक्ष के लोगों का समूह में बैठने का वीडियो बनाया था, इस पर भी दोनों समुदायों में रोष था। इसी के चलते मुस्लिम पक्ष ने रास्ता बंद कर दिया था।