मऊ : लॉकडाउन के बीच भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पूरा शासन प्रशासन कोरोना वायरस से जूझ रहा है, लेकिन अपराधी रंगदारी मांग रहे हैं। ऐसा ही कुछ मामला जिले के थाना क्षेत्र सरायलखंसी में सामने आया है। यहां के बढुआ गोदाम बाजार निवासी व्यापारी की मोबाइल पर शुक्रवार की सुबह फोन कर बदमाशों ने दस लाख की रंगदारी मांगी। व्यापारी ने इसकी शिकायत संबंधित थाने की पुलिस को दर्ज करवाई।
पुलिस को दी शिकायत में राम आशीष सिंह ने बताया कि उसने अपने घर में ही कपड़े की दुकान खोली है। लॉकडाउन के कारण उसकी दुकान इस समय बंद चल रही है। उसकी मोबाइल पर अज्ञात काल आई।
उधर से फोन करने वाले ने उन्हें धमकी दी साथ ही दस लाख की मांग की। रुपये न देने पर जान से हाथ धोने की धमकी दी। थानाध्यक्ष सरायलखंसी डीके श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही।
