उन्‍नाव : इन दिनों जिले के ग्राम सभा सिरवइया के ग्राम प्रधान द्वारा बनाया गया मृत प्रमाण पत्र फेसबुक, व्‍हट्एप ग्रुप पर खूब वायरल हो रहा है।  इस मृत्‍यु प्रमाण पत्र में ग्राम प्रथान ने मृत व्‍यक्ति के उज्‍ज्‍वल भविष्‍य की कामना करते हुए प्रमाण पत्र जारी किया है। बताया जा रहा है कि ब्लॉक ओरसा के गांव सिरवइया में एक वृद्ध का २२ जनवरी को निधन हो गया था।
राजस्व अभिलेखों व बैंक में लगाने के लिए मृतक का पुत्र मृत्यु १७ फरवरी को प्रमाणपत्र बनवाने के लिए प्रधान से मिला था। ग्राम प्रधान ने मृत्यु प्रमाण पत्र तो बना दिया पर उसमें मृत व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य की कामना लिख दी।
गांव के किसी व्यक्ति ने इस मृत्यु प्रमाणपत्र को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मृत व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर प्रधान लोगों में चर्चा का विषय बन गए हैं।