रजनीश, बाराचवर (गाजीपुर) : मुहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर गांव सूरतापुर के पास तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतक की पहचान कासिमाबाद थाना क्षेत्र के जीयनपुर गांव निवासी शैलेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान बड़े पिता चंद्रिका राम (60) और बालक विकास कुमार (6) के रूप में हुई है। जबकि, घटना के बाद बस चालक बस सहित मौके से फरार हो गया।
थाना भांवरकोल पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बड़े पिता चंद्रिका राम ने बताया कि शैलेंद्र कुमार अपने ससुराल शेरपुर से किसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बाइक से गया था। वह उनके साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दोपहर में मुहम्मदाबाद-भरौली मार्ग एक तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे शैलेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वह और बच्चा जख्मी हो गए। इस संबंध में कोतवाल अशेष सिंह ने बताया कि लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
