वाराणसी : यहां छापा मारने पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस के डर से तीन मंजिला मकान की छत से तीन युवतियां कूद गई हैं। इससे एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। जिन्हे अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
बताया जा रहा है कि वाराणसी पुलिस नगर की पहड़िया की संजय नगर कॉलोनी में कथित तौर पर देह व्यापार की सूचना पर स्थानी पुलिस छापामारी करने पहुंची थी। पुलिस ने मौके से तीन युवकों और चार युवतियों को हिरासत में लिया है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पहड़िया चौकी प्रभारी काशीनाथ उपाध्याय को निलंबित कर दिया है।
बताया जा रहा है कि जिस तीन मंजिला मकान में पुलिस छापेमारी करने पहुंची थी उसका माकन मालिक बाहर रहता है। जबकि, मकान में कई किरायेदार रहते हैं। कॉलोनी के लोगों के अनुसार मकान में आने-जाने वाले युवक-युवतियों की गतिविधियां संदिग्ध होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस जब पहुंची तो मकान के अंदर मौजूद युवक और युवतियों में से तीन युवतियां छत पर भागी और वहां से छलांग लगा दी। बगल के प्लाट में गिरने के कारण एक की मौत हो गई। दो युवतियां पड़ोसी की छत पर गिरीं। इससे घायल हो गईं। कालोनी वालों का कहना है कि गिरफ्तारी के डर से उसने छलांग लगी दी।
