तरनतारन (पंजाब) : पंजाब के सीमावर्ती जिला तरनतारन से आई खबर ने लोगों को दहला के रख दिया। शनिवार को यहां बाबा दीप सिंह जी के जन्मदिन को समर्पित निकाले गए नगर कीर्तन के दौरान तेज धमाके के साथ लोगों के चिथड़े उड़ गए। आधिकारिक तौर पर दो किशोरों के मौत की पुष्टि हुई है। जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि जब धमाका हुआ तब नगर कीर्तन गांव पहुविंड से गुरुद्वारा टाहला साहिब के लिए रवाना हुआ था। हादसे का कारण आतिशबाजी बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि आतिशबाजी की एक बड़ी खेप ट्रैक्टर-ट्राली में भी रखी हुई थी। जिसे आतिशबाजी के दौरान आग लग गई। जिससे पटाखों में विस्फोट हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
ट्राली में रखी हुई आतिशबाजी की खेप पर चिंगारी गिरने के बाद एकदम से ब्लास्ट हो गया। एसएसपी ध्रुव दाहिया के अनुसार नगर कीर्तन में आतिशबाजी के दौरान ट्रैक्टर पर रखी विस्फोटक सामग्री में आग लगने से यह धमाका हुआ है। अभी घटना की जांच की जा रही है।
