नई दिल्ली -  आपने सुना होगा पूत कपूत हो सकता पर माता कुमाता नहीं हो सकती।  यहां एक मां अपने छह साल के बच्‍चे की गला घोंट कर हत्‍या कर दी। यह मामला उत्तर पूर्व दिल्‍ली का है। जिला पुलिस ने शुक्रवार को पांच साल के मासूम की हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए उसकी मां और प्रेमी समेत तीन को गिरफ्तार किया है। 
 बताया जा रहा है कि प्रेमी ने गुस्से में आकर बच्चे को पीट दिया था जिससे वह बेहोश हो गया था। प्रेमी को बचाने के लिए महिला ने उसके साथ मिलकर अपने ही बेटे का गला घोंट डाला। इसके बाद आरोपी शव को बोरे में डालकर वाहन से लेकर खजूरी खास पहुंचे और वहां के नाले में डाल दिया था।
मामले के अनुसार 22 साल की अनिता की शादी जयवीर नाम के युवक से हुई थी। उससे दो बच्चे भी थे। इस बीच अनिता की मुलाकात धीरज से हुई। जयवीर की शराब पीने की आदत से तंग आकर अनिता ने उससे रिश्ता खत्म कर लिया और उसे छोड़कर बच्चों के साथ धीरज के साथ रहने लगी। 
धीरज की आमदनी कम होने के कारण आर्थिक तंगी हो गई। 20 नवंबर को भूख की वजह से पांच साल का बच्चा रो रहा था। तभी शराब के नशे में  धीरज ने उसकी पिटाई कर दी। इससे वह बेहोश हो गया। प्रेमी को बचाने के लिए अनिता ने बेटे की हत्या का फैसला किया। दोनों ने उसे गला घोंटकर मार डाला। धीरज ने अपने रिश्तेदार प्रदीप की वैन से बच्चे के शव को ले जाकर नाले में फेंक दिया।