![]() |
| प्रतिकात्मक फोटो। |
बलिया : विश्व प्रसिद्ध जिले के ऐतिहासिक ददरी मेला के पशु मेले में सुबह हाईटेंशन तार की चपेट में आने से छह से अधिक बैलों की मौत हो गई। इससे पशु व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त था। व्यापारियों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। और मृत पशुओं का मुआवजा मांगा। पुलिस ने व्यापारियों को समझा बुझाकर किसी तरह से शांत करवाया।
रेवती थाना क्षेत्र के गोपाल नगर निवासी सरल शाह पशुओं के लेकर मेला में आए हुए थे। वह राजपूत नेवरी के बंधे स्थित खम्भे में सभी पशुओं को बांधकर चारा खिला रहे थे। इसी दौरान उसमें करेंट उतर गया। इससे छह बैल करेंट की जद में आ गए।
पशुओं की मौत पर व्यापारी दहाड़ मार कर रोने लगा। यह देख अन्य व्यापारी भी पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजा की मांग करने लगे। सतनी सराय चौकी इंचार्ज जगदीश विश्वकर्मा ने किसी तरह से समझा बुझाकर पशु व्यापारियों को शांत कराया।
बता दें की ददरी मेला शुरू होने महज चंद दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में इस तरह की घटना प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही है।
