लखनऊ : गत सप्‍ताह लखनऊ में हुई हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की हत्‍या और उससे जुड़े मामले परत दर परत खुलने लगे हैं। यूपी एटीएस ने तिवारी के कातिलों की मदद करने के आरोप में बरेली के एक वकील मो. नावेद और लखीमपुर के पलिया निवासी रईस और आसिफ को  गिरफ्तार कर लिया है। 
इन तीनों पर आरोप है वकील नावेद ने हत्या के दोनों आरोपियों अशफाक और मोइनुद्दीन को बरेली में दरगाह में रुकवाने से नेपाल बार्डर तक पहुंचाने में मदद की थी। वहीं, रईस व आसिफ ने नावेद के ही कहने पर दोनों को 10 हजार रुपये दिए थे। पुलिस के मुताबिक  नावेद ने ही बरेली में आरोपियों के ठहरने और खाने-पीने का बंदोबस्‍त करवाया था।  इसके बाद अपनी कार से दोनों को नेपाल लेकर गया था। उसने ही हत्यारों का मोबाइल फोन हटवा दिया था।