लखनऊ : करीब पांच दिन तक उत्तर प्रदेश पुलिस को चकमा देते रहे कमलेश तिवारी के हत्यारोपियों को गुजरात पुलिस की एटीएस ने आखिरकार राजस्थान बार्डर के पास से काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोइनुद्दीन और अशफाक है। इन दोनों पर आरोप है कि 18 अक्टूबर को लखनऊ में हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की उन्हीं कार्यालय में गला रेत कर हत्या कर दी थी।
गुजरात पुलिस की माने तो इन दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है।
गुजरात एटीएस के डीआईजी हिमांशु शुक्ला की अगुवाई में पुलिस अधीक्षक बीपी रोजिया, एसीपी बीएस चावड़ा और अन्य पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इन दोनो आरोपियों पर ढाई लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया हुआ था।
