गोरखपुर : एक दुल्हन ने अपने पति के सामने एक एक ऐसी शर्त रख दी है, जिसे आप भी सुनेंगे तो कह उठेंगे वाह क्या बात है। आप को याद होगा- करीब दो साल पहले अक्षकुमार अभिनित एक फिल्म आई थी-'टॉयलेट एक प्रेम कथा'। इस फिल्म में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के एक गांव की कहानी दिखाई गई थी। जिसमें ससुराल शौचालय न होने से पत्नी ससुराल जाने से इनकार कर दिया था। कुछ इसी तरह का वाकया प्रदेश के गोरखपुर जिले के गांव सहुआाकोल में देखने को मिला है।
बता दें कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान को गति देती यह खबर स्वच्छता पसंद लोगों के लिए प्रेरणा दायक है। वहीं प्रशासन के मुंह पर तमाचा भी। एक तरफ जहां जिला प्रशान गोरखपुर को खुले में शौच मुक्त घोषित कर चुका है वहीं दूसरी तरफ उसकी कलई भी खुल रही है। यहां के गगहा ब्लॉक मुख्यालय के सहुआकोल निवासिनी सुमन पत्नी राजन दूबे ससुराल में शौचालय नहीं होने के कारण दो साल से एक वर्ष के बच्चे के साथ मायके बड़हलगंज क्षेत्र के नीबी में रह रहीं हैं।
बताया जा रहा है कि उनकी शादी करीब चार साल पहले हुई है। पति द्वारा बार-बार विदाई के लिए दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन सुमन शौचालय बनने तक ससुराल नहीं आने की जिद पर अड़ी हैं। पत्नी की विदाई के लिए मामला गगहा थाने पर पहुंचा। यहां भी सुमन ने शौचालय बनने के बाद ही ससुराल जाने की बात कहीं, जिस पर एसआई सुनील कान्त शुक्ला ने ग्राम प्रधान से बात कर शौचालय बनवाने की बात की। सुमन के पति राजन ने कहा कि शौचालय की मांग कई बार की गई लेकिन ध्यान नहीं दिया गया जिसका खामियाजा आज मुझे भुगतना पड़ रहा है।
