सांकेतिक फोटो।


गाजीपुर :  जिले थाना नोनहा के गांव बौरी पुलिया के पास समोसा को लेकर हुए विवाद में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान जानूपुर गांव निवासी 28 वर्षीय संतोष बिंद पुत्र राजनारायण बिंद के रूप में हुई। इस संबंध में मृतक के पिता राजनारायण की शिकायत पर संबंधित थाने की पुलिस ने चार लोगों को नामजद कियाहै।
 मामले के अनुसार संतोष बिंद बौरी पुल के पास स्थित रम्भू बिंद की दुकान चाय पीने गया था। जहां दुकानदार समोसा छान रहा था। इसी दौरान ठाड़ेबन गांव के चार युवक वहां पहुंचे और छनौटा लेकर खुद ही समोसा छानने लगे। दुकानदार ने उन युवकों को मना किया लेकिन वे नहीं माने। इस पर वहां बैठे संतोष बिंद ने युवकों को ऐसा करने से मना किया, जिसपर युवकों ने संतोष की जम कर पिटाई कर दी जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी युवक फरार हो गए। गुस्‍साए लोगों ने  शव रख कर नोनहरा-कासिमाबाद मार्ग जाम कर हत्‍यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे नोनहरा और  कासिमाबाद पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर जाम खुलवाया।  थाना प्रभारी बृजेश शुक्ला ने कहा कि सभी चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर  उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।