वाराणसी - जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जानी थी, उसी घर का दीया दो दिन पहले ही बुझ गया। बेबस पिता कुछ न कर सका।  इस घटना से आसपास के लोग सदमें हैं और बच्‍चे के मां-बाप बेसध पड़े हैं। 
मामले के अनुसार नगर के डगरहवा घाट निवासी रवींद्र कुमार का आठ वर्षीय इकलौता बेटा गर्ग  घर से कुछ दूरी पर दलदल में फंस गया और धंसता चला गया। आनन फानन में लोगों ने थाना कैंट पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। आखिरकार बच्‍चे की मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने हुकुलगंज में जाम लगाकर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एनडीआरएफ के जवानों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से बच्चे का शव बाहर निकाला। 
बताया जा रहा है कि वरुणा किनारे स्थित डगरहवा घाट निवासी रवींद्र कुमार व उनकी पत्‍नी अनीता शाम के समय घर की सफाई कर रहे थे। और उनके दो बच्‍चे बेटी अरघ्या  और बेटा गर्ग  खेल रहे थे।  रवींद्र गर्ग को पकड़ने के लिए घर से बाहर निकले तो वह उन्हें देख भागने लगा और दलदल में फंस गया। रवींद्र ने स्थानीय लोगों के साथ गर्ग को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन वह असफल रहे।