गाजीपुर : गुस्‍से में आदमी किस कद हैवान बन जाता है इसकी ताजा मिसाल जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुरा में देखने को मिली। यहां दो सगे भाइयों ने बहन को पहले बुरी तरह से पीटा और फिर उसका हाथ पैर बांध जिंदा ही गंगा में फेंक दिया। आरोपियों की पहचान सोनू और धन्नू पुत्र प्रेमराम के रूप में हुई ।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों ने अपनी बहन को  गांव के ही युवक के साथ देख लिया। युवक तो मौके से भाग निकला लेकिन भाइयों ने बहन को पकड़ कर पहले पीटकर अधमरा किया फिर हाथ पैर बांध कर जिंदा ही भरौली पुल से गंगा में फेंक दिया।  लड़की को गंगा में फेंकते हुए दोनों को कुछ लोगों ने देख लिया और उन्‍हें पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। गोताखोरों ने  युवती की गंगा में तलाशने की बहुत कोशिश की लेकिन गंगा की तेज धारा में वह नहीं मिली। 
बताया जा रहा है कि पखनपुरा गांव में प्रेमराम के घर रविवार को उसकी बेटी अकेली थी। इसी दौरान गांव का युवक उससे मिलने आ गया। किसी पड़ोसी ने युवक के आने की जानकारी प्रेमराम की पत्नी और बेटों को दे दी। 
कुछ देर बाद प्रेमराम  की पत्नी घर लौटी तो बेटों ने मां के सामने ही बहन की बुरी तरह पिटाई की। बहन को अधमरा करने के बाद बहन का हाथ पैर बांध कर दोनों भाई भरौली पुल पर पहुंचे और बहन को जिंदा ही गंगा में फेंक दिया।