लुधियाना : मायके जाने की जिद या फिर गहने के लिए प‍त्‍नी को पति से झगड़ते हुए आपने सुना होगा, लेकिन यहां मामला न मायके जाने का था और ना ही गहने का। यहां पत्‍नी पति से खाने के लिए मांग रही, लेकिन उसने देने से मना कर दिया। बस इस बात पर गुस्साई महिला ने झगड़ा करने के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब सुबह पति जागा। थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने जांच के बाद फांबड़ा रोड हरमिंदर नगर निवासी पूनम (26) का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।  
बताया जा रहा है कि मृतका पूनम मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला उन्नाव स्थित गांव कुरा की रहने वाली थी जो यहां अपने पति विनोद के साथ किराए के मकान में रहती थी। पुलिस के मुताबिक पूनम देर रात  पति से खाने के लिए पान मसाला मांग रही थी। विनोद ने उसे यह कहते हुए मना कर दिया कि  वह पहले से पान मसाला काफी खाती है और उसके दांत लगातार खराब हो रहे हैं। इसके बाद दोनो में झगडा हुआ और देर रात को पूनम ने अपनी चुन्नी के साथ ही पंखे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है पूनम का पति एक फैक्‍ट्री में मशीन ऑपरेटर है।