दिल्ली : देश पूर्व गृहमंत्री और पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम को आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई की अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा दिया है। जेड श्रेणी की सुरक्षा वाले पूर्व वित्तमंत्री का अब अगला पता तिहाड़ जेल कोठरी नं:7 होगा। जेल में उन्हें अलग कोठरी में रखा गया है। वह सामान्य कैदियों की तरह एक निश्चित समय तक टेलीविजन देख सकते हैं और किताबें पढ़ सकते हैं।
चिदंबरम को जेल नंबर सात में रखा गया है। बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय के मामलों में आरोपियों को इसी जेल में रखा जाता है। उल्लेखनीय है कि इसी जेल में धोखाधडी के मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी भी बंद हैं। यह विडंबना ही है कि भ्रष्टाचार के मामले में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व गृहमंत्री को उच्च सुरक्षा के बीच राउज एवेन्यू अदालत से एशिया की सबसे बड़ी जेल में लाया गया।
