झरोखा न्यूज नेटवर्कट, गुरदासपुर : सीमावर्ती जिले के तहसील बटाला से एक दिल दहला देने वाली खबर है । यहां की एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद एक-एक करके 24 लोगों की जिंदगी खत्म हो गई।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को पूरा बटाला बाबे की बारात के स्वागत के लिए पलकें बिछाए खड़ा था। पूरे शहर में उत्सव का माहौल था, तभी यह मनहुस खबर सबके कलेजे को चीर कर रख दिया। बुधवार बाद दोपहर करीब 3:30 बजे हुए इस हादसे में गुरदासपुर डीसी विपुल उज्ज्वल ने अभी तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि की है। हलांकि मरने वाले की संख्या 24 से अधिक बताई जा रही है। जबकि घायलों की संख्या 25 से अधिक बताई जा रही हैं, जिन्हें बटाला, अमृतसर और गुरदासपुर के अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है। देर रात तक मलबे में दबे लोगों को निकालने का कार्य जारी रहा। बताया जा रहा है धमाका इतना तेज था कि इससे आसपास के इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। लोगों का कहना है कि एक साल पहले इसी फैक्ट्री में धमाका हुआ था।
विस्फोट के कारण फैक्ट्री के साथ लगते गुरुद्वारा साहिब की दीवार भी टूट गई। कालोनी निवासी गुरमीत सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में तीन भाइयों का परिवार काम करता था जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं। करीब 15 लोग फैक्ट्री मालिकों के पारिवारिक सदस्य थे। मरने वालों में दो फैक्ट्री मालिक भी बताए जा रहे हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही डीसी गुरदासपुर विपुल उज्ज्वल, एसएसपी बटाला उपिंदरजीत सिंह घुम्मन, जज राणा कंवरदीप कौर, विधायक बलविंदर सिंह लाडी, विधायक फतेहजंग सिंह बाजवा आदि मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि आज मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, गुरदासपुर के पूर्व सांसद सुनिल जाखड़ भी बटाला का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे। वहीं, गुरदासपुर के भाजपा सांसाद सन्नी देवोल भी आ सकते हैं।
एसएसपी उपिंदरजीत सिंह घुम्मन ने बताया- फैक्ट्री रिहायशी इलाके में थी। मृतकों की संख्या के बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस फैक्ट्री में एक साल पहले भी धमाका हुआ था।

