मुरादाबाद : तीन तलाक पर सख्‍त कानून बनने के बाद भी यह मामला थमता नजर नहीं आ रहा है। एक महीने से भी कम समय के भीत अब तक अकेले उत्‍तर प्रदेश में आधा दर्जन से अधिक ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें पति ने बिना किसी झीझक के पत्‍नी को तलाक दे दिया है। ताजा मामला मुदाराबाद है जहां शौहर ने अपनी बीवी को एक मिनट से भी कम समय में तलाक दे दिया।
संबंधित थाने की पुलिस को दी शिकायत में महिला ने अपने शौहर पर एक मिनट से भी कम समय में  तलाक देने, अप्राकृतिक संबंध बनाने और अपंजीकृत चिकित्सक भाई के साथ मिलकर गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। 
 मुगलपुरा थाना क्षेत्र की  रहने वाली विवाहिता ने बताया कि उसका निकाह  आठ जुलाई को डिडौली कोतवाली क्षेत्र के युवक के साथ हुई थी। आरोप के मुताबिक निकाह के बाद से ही पति विवाहिता के साथ प्राकृतिक और अप्राकृतिक संबंध बनाता था। पहले महीने में विवाहिता गर्भवती हो गई। इसके बाद पति ने अपने अपंजीकृत चिकित्सक भाई के पास ले गया। जहां टेस्ट कर गर्भवती होने की पुष्टि की। इसके बाद दोनों भाइयों ने दवाई खिलाकर गर्भपात करा दिया। जिससे पीड़िता की हालत बिगड़ गई। इसकी शिकायत उसने अपनी सास और ननद से की तो उन्‍होंने भी उसके साथ मारपीट की और घर में बंद कर दिया। 
आरोप है कि 16 अगस्त की रात पीड़िता ने आपबीती बताने के लिए पति को फोन किया। कई बार बात हुई। इसके आधे घंटे बाद पति ने फोन कर एक मिनट से भी कम समय में तीन बार तलाक, तलाक, तलाक बोलकर तलाक दे दिया। मंगलवार को एसपी के आदेश पर डिडौली पुलिस ने पति, देवर, सास और ननद के खिलाफ मारपीट, अप्राकृतिक संबंध बनाना, गर्भपात कराना और मुस्लिम महिला विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।