आजमगढ़ : जर और जमीन की लालच में व्‍यक्‍ति इस कदर वहशी हो जाता है कि वह अपने रिश्‍तों का भी खून कर देता है। कुछ ऐसा ही मामला  जिले के बिलरियागंज थाने के बरोही फतेहपुर गांव में देखनें को मिला। यह रोंगटे खड़ी कर देने वाली घटना पिता के सामने हुई, जहां छोटे भाई ने बड़े भाई का कत्‍ल कर दिया। मामला शुक्रवार की रात का बताया जा रहा है। हत्‍या की वजह बेची गई जमीन के रुपये के बंटवारे को लेकर बताया जा रहा है। मृत युवक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी और उसकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस तलाश कर रही है।
बरोही फतेहपुर गांव निवासी अवनीश सिंह उर्फ पिंकू(34) दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई अंकित है। इनका परिवार मुंबई में रहता है। अवनीश को एक बेटा और एक बेटी है। रुपयों की आवश्यकता पड़ने पर शुक्रवार को अवनीश के पिता रामनाथ ने दस विस्वा जमीन 5.90 लाख रुपये में बेच दी थी।
रुपये लेकर शाम को वह घर आए। इस दौरान अवनीश ने कहा कि पूरी रकम उसके खाते में जमा की जाए, जबकि अंकित अपने खाते में जमा कराने की जिद कर रहा था। इसी को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसी दौरान अचानक अंकित अंदर से चाकू लेकर आया और अवनीश के पेट में घोंप दिया।
इसके बाद पत्नी के साथ फरार हो गया। अवनीश की पत्नी किरन ने अंकित और उसकी पत्नी गोल्डी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी सिटी/प्रभारी एसपी पंकज पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।