दिल्ली : संसदीय समिति ने पूर्व सांसदों पर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। समिति ने दो टूक लहजे में कहा कि ऐसे पूर्व सांसद जो सालों से बंगले पर कब्जा जमाए बैठें वे एक सप्ताह में सरकारी बंगला खाली करें नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
लोकसभा हाउसिंग कमेटी के चेयरमैन सीआर पाटिल ने आज कहा कि बंगला खाली न करने की सूरत में तीन दिनों के अंदर बिजली, पानी और गैस के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। यह फैसला सोमवार को समिति की बैठक में लिया गया। दरअसल इससे एक दिन पहले ऐसी रिपोर्ट सामने आई थी कि लोकसभा के 200 से ज्यादा पूर्व सांसदों ने अब तक अपने आधिकारिक निवास को खाली नहीं किया है।
नियम के मुताबिक पूर्व सांसदों को लोकसभा भंग होने के एक महीने के भीतर अपना सरकारी आवास खाली करना होता है। सूत्रों के मुताबिक 200 से ज्यादा पूर्व सांसदों ने 2014 में आवंटित बंगलों को अब तक खाली नहीं किया है, जिसके कारण नए सांसदों को घर नहीं मिल रहा है।
16वीं लोकसभा का कार्यकाल खत्म हुए करीब तीन महीने बीत गए लेकिन 200 से ज्यादा पूर्व सांसदों ने अब तक लुटियंस में आवंटित बंगलों को खाली नहीं किया। 17वीं लोकसभा में 260 सदस्य ऐसे हैं, जो पहली बार चुने गए हैं। नियमानुसार लोकसभा का कार्यकाल खत्म होने के एक महीने के अंदर पूर्व सांसदों को बंगला खाली करना होता है।

