अमृतसर  : गुरु नगरी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।  जीटी रोड के समीप कैंटोनमेंट थाना के अंतर्गत पड़ते जीटी रोड पर खालसा पब्लिक स्कूल के पास युवक और युवती की सिरकटी लाश मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।  इन दोनों ही शवों के सिर धड़ से अलग हैं। शव मिलने की खबर से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। इस घटना की जानकारी राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई थी। 
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्राथमिक जांच में दोनों मृतकों की उम्र 28 से 30 साल के बीच की बताई जा रही है। फिलहाल शवों की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं शवों से कुछ ही दूरी पर पुलिस को एक स्कूटी भी बरामद हुई है, लेकिन उसमें कोई दस्तावेज नहीं मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।