लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनाव का विगुल बज गया है। संगठन का यह चुनाव 11 सितंबर से शुरू होंगे। बताया जा रहा है कि तीन महीने तक चलने वाला यह चुना तीन चरणों में करवाया जाएगा। यह फैसला शनिवार को यहां प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में किया गया। चुनाव प्रक्रिया में सबसे पहले बूथ कमेटियों के चुनाव होंगे। इसके बाद 11 अक्तूबर से मंडल और 11 नवंबर से जिला समितियों और प्रांतीय परिषद के चुनाव होंगे।
बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने की और उन्होंने सदस्यता अभियान की अंतिम तारीख 20 अगस्त से पहले ही 53 लाख सदस्य बन जाने पर खुशी व्यक्त की और बचे चार दिनों में 20 अगस्त तक चलने वाले प्राथमिक सदस्यता अभियान में अब 60 लाख सदस्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक चुनाव पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होने चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 11 से 30 सितंबर तक बूथ कमेटियों के चुनाव होंगे। इसके बाद 11 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक मंडल कमेटियों के और 11 नवंबर से 30 नवंबर तक जिला कमेटियों और प्रांतीय परिषद के चुनाव होंगे।
